आजमगढ़। मस्तिष्क ज्वर से छुटकारा दिलाने के लिए एक बार फिर 10 से 28 फरवरी तक संचारी रोग पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस पखवाढ़े को मनाने के लिए सात विभागों को दायित्व सौंपा गया है। इसमें जिला पंचायत, जिला कार्यक्रम विभाग, नगर पालिका, कृषि,पशु पालन, दिव्यांग कल्याण और शिक्षा विभाग को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय वेक्टर जनित कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एसीएम डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस अभियान के संचालन से संचारी और दिमागी बुखार से होने वाले मरीजों की संख्या और मृत्यु दर में भारी कमी आई है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रतिवर्ष संचारी रोग और दिमागी बुखार से 10 से 15 हजार लोगों की मौत होती है। संचारी रोगों से बचाने के लिए 10 फरवरी से अभियान चलाया जाएगा। इससे होने वाली बीमारियों को फैलने से रोका जा सकता है। विभिन्न विभागों के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आईसीडीएस विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान और उपचार का कार्य करेगा। ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग नालियों की साफ-सफाई कराएगा। प्रभात फेरी निकाली जाएगी। नगर निकाय नगरीय क्षेत्रों में वातावरणीय तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के उपायों, खुले में शौच न करने, शुद्ध पेयजल के प्रयोग तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान संचालित करेगा।