आजमगढ़। मार्टीनगंज ब्लॉक प्रमुख ठाकुर मनोज सिंह ने शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने इसके लिए माफियाओं के दबाव को कारण बताया। अपर मुख्य अधिकारी ने पत्र के जरिए इसकी सूचना जिला पंचायत राज अधिकारी को दी। उन्होंने ब्लाक प्रमुख का इस्तीफा मंजूर कर लिया और एसडीएम को पत्र जारी कर अविश्वास प्रस्ताव को स्थगित कर दिया। मार्टीनगंज क्षेत्र पंचायत में कुल 97 में क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। इसमें से 71 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने 28 नवंबर को जिलाधिकारी को शपथ पत्र देकर ब्लाक प्रमुख ठाकुर मनोज सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की। जिस पर विचार के लिए अविश्वास प्रस्ताव पर 24 दिसंबर को क्षेत्र पंचायत मार्टीनगंज में बैठक बुलाई गई। लेकिन अभी यह बैठक होती उससे पूर्व ही शनिवार को ब्लाक प्रमुख ठाकुर मनोज सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव को अपना इस्तीफा दे दिया। इसके लिए उन्होंने माफियाओं के दबाव को कारण बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने उनके त्यागपत्र को स्वीकृत करते हुए इसकी जानकारी जिला पंचायत राज अधिकारी को दी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने इस पर एसडीएम मार्टीनगंज को पत्र भेजकर 24 दिसंबर को अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली बैठक को स्थगित कर दिया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि ब्लाक प्रमुख के इस्तीफा देने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक की कार्रवाई किया जाना नियमानुसार नहीं है।