अहरौला। दीपावली और अन्य त्योहारों को देखते हुए बाजारों में चलानी मिठाई के सप्लायर भी सक्रिय हो गए हैं। वह जगह जगह बाजारों में चलानी मिठाइयों की खेप उपलब्ध करा रहे हैं। यह मिठाई लोगों की सेहत को खराब कर सकती है। अहरौला क्षेत्र में यह मिठाई खासकर वाराणसी जिले से और अन्य जिलों से सप्लाई की जा रही हैं। यह मिठाई बाजार की बनी मिठाई से कम कीमत और देखने में आकर्षक हैं। जिससे ग्राहक इन्हें देखकर ही पसंद कर लेते हैं। इनमें छेना से लेकर बर्फी और अन्य प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं। चलानी मिठाई खाने से लीवर संबंधी गंभीर बीमारी हो सकती हैं। चलानी मिठाइयां बनाने के बाद स्टोर की जाती हैं और ऐसे बड़े त्योहारों पर जगह-जगह एजेंटों के द्वारा सप्लाई की जाती हैं। अहरौला सीएचसी के डा. अरविंद मिश्रा ने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में मिलावटी मिठाइयां धड़ल्ले सेेेे बिक रही हैं। जिनके खाने से पेट में मरोड़, उल्टी, दस्त, फूड प्वाइजनिंग के साथ व्यक्ति का लीवर भी डैमेज हो सकता है। इसलिए बाजार में दीपावली के अवसर पर मिठाई ना खरीदें।