आजमगढ़। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 52 पदों पर हुई चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। बीएसए को चयन के लिए गलत कमेटी बनाने और तत्कालीन डायट प्रिंसिपल को स्थानांतरण के बाद भी चयन सूची पर हस्ताक्षर करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। जीजीआईसी प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और इंटरव्यू नंबर शीट पर गहरी स्याही से दिए गए नंबरों की जांच सीडीओ करेंगे। इसके साथ ही नये सिरे से विज्ञप्ति जारी करने और नई चयन कमेटी का गठन कर नये सिरे से नियुक्ति करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वार्डेंन, फुल और पार्ट टाम टीचर, लेखाकार और चपरासी के 51 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया मई माह में शुरू की गई थी। चार जून को इंटरव्यू हुए थे। इस बीच उप्र शिक्ष महासंघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह और संयोजक जितेंद्र कुमार राय ने चयन में धांधली की शिकायत शिक्षा निदेशक बेसिक से कर दी। आरोप लगाया था कि कार्यमुक्ति के बाद भी समिति में शामिल तत्कालीन डायट प्रिंसिपल हरिश्चंद्र नाथ के हस्ताक्षर से चयन यूची अनुमोदन के लिए सीडीओ और डीएम के पास भेज दी गई। शिकायत मिलने और चयन सूची को 40 दिन तक दबा कर रखने पर डीएम के निर्देश पर चयन सूची के परीक्षण और जांच के लिए डीडीओ विजयशंकर राय की अध्यक्षता में डीएसटीओ डॉ. अर्चना सिंह की दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार सिंह पिछले दिनों जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी दी थी। जिलाधिकारी शिवांकात द्विवेदी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में गलत कमेटी बनाने की पुष्टी होने पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 52 पदों पर हुई चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। बीएसए को चयन के लिए गलत कमेटी बनाने और तत्कालीन डायट प्रिंसिपल को स्थानांतरण के बाद भी चयन सूची पर हस्ताक्षर करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भी शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। जांच अधिकारियों ने कहा है कि जीजीआईसी प्रिंसिपल सुधा सिंह ने इंटरव्यू सीट पर अपने हस्ताक्षर होने से इंकार किया है। इसलिए सुधा सिंह के हस्ताक्षर और इंटरव्यू नंबर शीट पर गहरी स्याही से दिए गए नंबरों की जांच के निर्देश सीडीओ को दिए गए हैं। सीडीओ ने जांच रिपोट बिना परीक्षण किए भेज दी थी। इसलिए उन्हें स्वयं परीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके सात ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 52 पदों पर नये सिरे से विज्ञप्ति जारी करने और नई चयन कमेटी का गठन कर नये सिरे से चयन करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।