आजमगढ़। साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन इन दिनों कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन सफाई कर्मचारियों के कवायद की लगातार जांच की जा रही है। इस जांच में कई सफाई कर्मचारियों की लापरवाही भी सामने आ रही है, जिस पर कार्रवाई भी लगातार हो रही है। सोमवार को डीपीआरओ ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 11 सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया। सहायक विकास अधिकारी पल्हनी ने दो अगस्त को ग्राम पंचायत पल्हनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सफाई कर्मी जगरोपन पाल अनुपस्थित मिले। एडीओ पंचायत सठियांव के ग्राम पंचायत बरडीहा गड़ेरूआ के निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मी जितेंद्र यादव और सुरेंद्र यादव अनुपस्थित मिलेे। एक अगस्त को एडीओ पंचायत सठियांव ने ग्राम पंचायत कोढ़वा का निरीक्षण किया। जहां सफाई कर्मी दानिश अहमद और विजय कुमार यादव अनुपस्थित मिले। चार अगस्त को एडीओ पंचायत सठियांव ने ग्राम पंचायत फखरूद्दीनपुर का निरीक्षण किया जहां सफाई कर्मी आरती चौहान और चंद्रभान राम अनुपस्थित पाई गई। तीन अगस्त को एडीओ पंचायत पल्हनी द्वारा ग्राम पंचायत हीरापट्टी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सफाईकर्मी रामलाल, बबिता देवी और बाबू राम अनुपस्थित पाए गए। 28 जुलाई को एडीओ पंचायत अतरौलिया ने ग्राम पंचायत भदेवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सफाई कर्मी सुनीता देवी अनुपस्थित मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने सभी को निलंबित करते हुए विकास खंड मुख्यालयों से संबंद्घ कर दिया। साथ ही इनकी जांच संबंधित एडीओ पंचायत को सौंपी है।