आजमगढ़। राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर क्रांति दिवस पर नौ अगस्त को जनपद के महाविद्यालयों के छात्र विश्वविद्यालय के लिए हुंकार भरेंगे। पूर्वाह्न 10 बजे बेलईसा मंडी से मोटरसाइकिल जुलूस शुरू होकर पहाड़पुर, मुकेरीगंज, दलालघाट होता हुआ वापस डीएम कार्यालय पर समाप्त होगा। ये जानकारी विवि अभियान की बैठक में नगर संचालक राकेश गांधी ने दी। विश्वविद्यालय जुलूस के प्रभारी और शिब्ली कालेज के छात्रनेता बालमुकुंद सिंह ने जुलूस में शामिल होने के लिए जनपद के युवाओं का आह्वान किया है। डीएवी पीजी कालेज के छात्र नेता तरुण यादव सुल्तान ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना कराके ही जनपद के छात्र दम लेंगे। जुलूस में हम पूरी ताकत झोंक देंगे। छात्र नेता निखिल भारती ने जुलूस को सफल बनाने की अपील की। दुर्गाजी पीजी कॉलेज के छात्र नेता सौरभ गुप्ता सनी ने कहा कि हम सरकार को आजमगढ़ के युवाओं का दम दिखा देंगे। छात्र नेता रामाश्रय निषाद ने कहा कि आजमगढ़ के युवाओं का धैर्य अब जवाब दे रहा है। नगर सह संयोजक डा. मनिंदर सिंह ने कहा कि सरकार अगर इसी तरह खामोश रही तो अभियान और भी उग्र होगा। बैठक में विश्वविद्यालय अभियान के संरक्षक डा. वेद प्रकाश उपाध्याय, बिजेंद्र सिंह, प्रवेश सिंह, अवनीश अस्थाना, सुभाष सिंह, सुजीत भूषण, शिवबोधन उपाध्याय, आरपी कौशल, दीपक कुमार, वीरेंद्र, अनुराग, दीपू, विवेक चौबे, सुरेंद्र राय आदि उपस्थित रहे।