सगड़ी। तहसील क्षेत्र में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को परिषदीय विद्यालय तो खुले। लेकिन सफाई कर्मियों को सूचना के बाद भी विद्यालय न पहुंचने पर सफाई की कवायद धरी की धरी रह गई। अधिकांश विद्यालयों में सफाई नहीं हो पाई। शिक्षक विद्यालय खोलकर सफाई कर्मियों का इंतजार करते रह गए।
शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र पांडेय ने आदेश जारी किया कि दो जुलाई को विद्यालय खुलेगा। विद्यालय खुलने से पहले साफ सफाई और विद्यालय की अन्य व्यवस्था ठीक करने के लिए 30 जून और एक जुलाई को विद्यालय खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो जुलाई को विद्यालय खुलने से पहले सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाए। ताकि विद्यालय खुलने पर शिक्षण कार्य सुचारु रुप से हो सके। इसके मद्देनजर शनिवार को को सगड़ी तहसील के अजमतगढ़, हरैया, बिलरियागंज, महराजगंज विकास खंड के विद्यालय तो खुले लेकिन अधिकांश विद्यालयों में सफाई कर्मी नहीं पहुंचे। जिसके चलते सफाई की सारी कवायद धरी की धरी रह गई। आपको बताते चलें की ग्रीष्मावकाश अवकाश के चलते विद्यालयों में झाड़ियां उग आई हैं और कूड़ों का ढेर लगा हुआ है। सूचना के बाद भी सफाई कर्मी नहीं पहुंचे।