सगड़ी (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के जीयनपुर बाजार में शनिवार को पीडब्ल्यूडी और प्रशासन का बुल्डोजर फिर चला। इससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बीच-बीच में नोकझोंक होती रही। इसके बावजूद भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाया। बाजार में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। शनिवार होने के चलते बाजार भी बंद था। चौड़ीकरण के लिए बाजार से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इससे पहले 17 अप्रैल को विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाया गया था। इस बीच मकान स्वामी अपने आप अतिक्रमण हटाने लगे। लेकिन इसमें विलंब होने से बाजार में काफी प रेशानी हो रही थी। पानी निकासी ठप होने के साथ बाजार मलबे से पट गया था। यातायात भी बाधित था। 19 मई को 32 दिन बाद विभाग ने फिर बुल्डोजर लगाकर अतिक्रमण को देर रात हटाया। एक तरफ अतिक्रमण हटाने का कार्य चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ सड़क चौकीकरण का भी कार्य चल रहा था। सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी केपीएन यादव ने बताया कि तीन दिन के अंदर सड़क का निर्माण करा लिया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जेई मदन यादव, जावेंद्र कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी देवानंद, उमेश कुमार, सियाराम, जितेंद्र, मौजूद रहे।