आजमगढ़। जिले की कानून व्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है। इसके लिए सभी पुलिस कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करें। अपराधियों को छोड़ा नहीं जाए और बेकसूरों को परेशान न किया जाए। उक्त निर्देश एडीजी वाराणसी पीवी रामा शास्त्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में क्राइम मिटिंग के दौरान मातहतों को दिये।
एडीजी ने कहा कि जिले की कानून व्यवस्था सुधरी जरूर है लेकिन अभी पूरी तरह से क्राइम पर कंट्रोल नहीं हुआ है। अपराधी हाईटेक हो चुके है, जिसके चलते अब हमें भी हाईटेक होना पड़ेगा। शासन की मंशा है कि थानों पर शिकायत लेकर आए फरियादियों के साथ पुलिसकर्मी अच्छा व्यवहार करें। शासन की मंशा के अनुरूप सभी अपने व्यवहार में सुधार लाये। सभी थानों को सीसी टीवी से लैस करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है। काम कैसे करना है यह भी निर्देश समय-समय पर दिया जाता रहता है। क्राइम मिटिंग में सिर्फ पूर्व के आदेश-निर्देश पर होने वाली कवायद की समीक्षा की गई है। मातहतों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को दबाने की कार्रवाई किसी भी स्तर पर न हो। समीक्षा बैठक में डीआईजी विजय भूषण, एसपी अजय साहनी, एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ग्रामीण एनपी सिंह, सभी सीओ, एसओ और कोतवाली प्रभारी मौजूद रहे।
पुलिस ऑफिस और लाइन का किया निरीक्षण
जिले में आते ही एडीजी सीधे पुलिस लाइन पहुंचे जहां उन्होंने गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इसके पश्चात उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पत्रावलियों को देखने के साथ ही उन्होंने शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। इसके पश्चात पुलिस विभाग के यातायात सेक्सन का भी उन्होंने हाल लिया। निरीक्षण में एडीजी को सारी व्यवस्था दुरूस्त नजर आयी। थोड़ी बहुत जो कमियां मिली भी तो उन्हें दुरूस्त करने का उन्होंने निर्देश दिया।
आईजीआरएस में जिला टॉप पर
एडीजी पीवी रामा शास्त्री ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में आजमगढ़ जिला और वाराणसी जोन प्रदेश में पहले स्थान पर है। शिकायत निवारण पोर्टल आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में आजमगढ़ ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। अधिकतर समस्याओं का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अंदर कर दिया गया है। जिसके चलते जिले को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
डॉयल 100 के तहत जिले को मिली 25 बाइक
शासन ने डॉयल 100 सेवा को और मजबूत करने के लिए अपाची बाइक जिले के प्रत्येक थाने को उपलब्ध करायी है। जिले के सभी 25 थानों के लिए अपाची बाइक जिले में पहुंच चुकी है। जिसे एडीजी ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखा कर थानो के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि हर जगह डॉयल 100 के चार पहिया वाहन नहीं पहुंच पाते थे। उन जगहों पर इन बाइकों का प्रयोग किया जायेगा जहां चार पहिया वाहनों को पहुंचने में असुविधा होती है। क्राइम कंट्रोल और शिकायतों के निस्तारण में अपाची बाइक महत्वपूर्ण साबित होंगी।
अभिलेख के रखरखाव के साथ भवन का देखा हाल
अमिलो/मुबारकपुर। जिला मुख्यालय पर स्थित पुलिस आफिस और पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के पश्चात एडीजी पीवी रामा शास्त्री ने मुबारकपुर थाने का भी निरीक्षण किया। थाने के निरीक्षण के चलते पुलिस कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। एडीजी ने अभिलेखों के रखरखाव के साथ ही भवन का हाल देखा और संतुष्ट नजर आये।
शाम लगभग पौने पांच बजे एडीजी का काफिला मुबारकपुर थाने पर पहुंचा। एडीजी के पहुंचते ही पुलिस कर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पश्चात एडीजी थाने के मेस में पहुंचे और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मेस में उन्होंने पूछा कि प्रतिदिन कितने पुलिस कर्मी यहां भोजन करते है। जिस पर एसओ ने पचास की संख्या बतायी। जिस पर उन्होंने मेस में कुर्सी-मेज की व्यवस्था का निर्देश दिया। इसके पश्चात वे हाल और थाने की खाली पड़ी जमीन के बारे में जानकारी ली। परिसर में पड़े पुराने वाहनों के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली। उन्होंने परिसर में खाली पड़ी जमीन पर पौधरोपण का निर्देश दिया। उन्होंने रिकार्ड रूम, मालखाना, कप्यूटर कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी विजय भूषण, एसपी अजय साहनी, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सदर मो. अकमल, सीओ सिटी सच्चिदानंद आदि मौजूद रहे।