आजमगढ़। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक महिला सुअर के साथ जिलाधिकारी से गुहार लगाने पहुंच गई थी। उसने जिलाधिकारी को बताया कि गांव के लोग उसे सुअरबाड़े की भूमि पर निर्माण नहीं करने दे रहे हैं। इसके कारण उसकी सुअरें मर रही हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में उक्त जमीन सुअरबाड़े के नाम से आवंटित मिली। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को उक्त जमीन के कुछ भाग को महिला के नाम से आवंटित करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को मार्टीनगंज तहसील दिवस में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। जिसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ ही जिले के आला अधिकारी बैठकर फरियादियों की समस्या को सुन रहे थे। तभी बनगांव निवासिनी सुनीता पत्नी बृजेश सूअर साथ में लेकर गुहार लगाने पहुंच गई। जिलाधिकारी ने महिला को बुलाकर उसकी समस्या सुना। महिला ने उन्हें बताया कि उसके गांव में सूअर बाड़े के लिए जमीन आवंटित है लेकिन गांव के लोग उसे सुअर बाड़ा नहीं बनाने दे रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम इंद्रभान तिवारी को उक्त जमीन की जांच करने का निर्देश दिया। जांच के दौरान उक्त जमीन सूअर बाड़ा के नाम दर्ज पाई गई। शुक्रवार को एसडीएम द्वारा इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। जिलाधिकारी ने जमीन के पूरे भाग में से कुछ भूमि उक्त महिला को सुअर बाड़ा बनाने के लिए आवंटित करने का निर्देश दिया है।