पल्हना। विकास खंड के पवनी कला गांव में दशहरा मेले के अवसर पर रविवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दूर दराज से आए 40 जोड़ी पहलवानों ने भाग लेकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल प्रतियोगिता की शुभारंभ ग्राम प्रधान ज्योतिर्मय और रामलीला समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। पहला मुकाबला बृजेश विजयीपुर और लालमन कोनिया जौनपुर के बीच हुआ। जिसमें बृजेश ने पियूष को धूल चटाकर 1500 रुपये जीते। इसके बाद भैयालाल नेवी आजमगढ़ और पियूष सरैया गाजीपुर के बीच तीन हजार रुपये इनाम के लिए जोर आजमाइश हुई। जिसमें भैयालाल ने पीयूष को पटखनी दी। प्रतियोगिता की सबसे महँगी 4500 रुपये की कुश्ती राजबहादुर सत्मेसरा जौनपुर और प्रदीप कोनिया जौनपुर के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने सात मिनट के समय में एक दूसरे को अपनी कला से गिरना चाहते थे। लेकिन अंत में यह प्रतियोगिता बराबरी पर छूटी। प्रतियोगिता के निर्याणक रेफरी लल्लन सिंह गाजीपुर और योगेंद्र यादव बासूपुर थे। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामजग राम, भाजपा जिला मंत्री ध्रुव सिंह, ज्योतिर्मय, डीके सिंह, हरिप्रकाश लाला श्रीवास्तव, वकील चौरसिया, मिथिलेश, अवधेश यादव, गुड्डू सिंह आदि उपस्थित थे।