आजमगढ़। विगत सात दिनों से धरना-प्रदर्शन और उपवास कर रहे शिक्षामित्रों का धरना मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद 15 अगस्त तक के लिए स्थगित हो गया। इस संबंध में शिक्षामित्र संघ की बैठक बुधवार को सिधारी स्थित कार्यालय में हुई। जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन पर विश्वास करते हुए शिक्षामित्रों ने विद्यालय जाने का निर्णय लिया।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमें हमारा खोया सम्मान वापस लौटाने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा है। उन्होंने हमसे विद्यालय जाने के लिए कहा है। हमारे संगठन द्वारा 15 अगस्त तक का समय दिया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट से विचार विमर्श कर विकल्प तैयार करेंगे। इसके लिए उन्होंने अपने तिलोही विधायक मयंकेश्वर शरण को मध्यस्थता के लिए कहा कि साथ ही संघ से भी सहयोग करने की अपील की है। उन्होंनें अधिकारियों से प्रत्येक दो दिन पर प्रगति रिपोर्ट देने को कहा है। हमें विश्वास है कि मुख्यमंत्री हमारी समस्या का समाधान करेंगे। इस मौके पर देवसी प्रसाद यादव, हरेंद्र सिंह, जयकुमार सिंह, अनिल विश्वकर्मा, ओमप्रकाश यादव, मनीष कुमार राय, सूर्य प्रकाश सिंह, रामप्रताप सिंह, कृष्ण मोहन उपाध्याय, हीरालाल आदि उपस्थित थे।