आजमगढ़। कोरोना वैक्सीनेशन के क्रम में शासन ने हेल्थ वर्करों के बाद अब फ्रंट लाइन वर्करों का भी टीकाकरण शुरू कर दिया है। दूसरे चरण के टीकाकरण की कवायद पांच फरवरी से शुरू हो चुकी है। अब बृहस्पतिवार को दूसरे चरण के दुसरे दिन का टीकाकरण होगा। इसके लिए कुल 2998 लोगों का टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी/एसीएमओ डॉ. संजय ने बताया कि दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए जिले में कुल 13812 लोग पंजीकृत किए गए है। जिसमें पांच फरवरी को दूसरे चरण के पहले दिन 998 लोगों के लक्ष्य के सापेक्ष 497 लोगों ने टीकाकरण कराया। वहीं दूसरे चरण के दूसरे दिन के तहत 2998 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए जिले में कुल 24 बूथ बनाए गए है, जिस पर 26 केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण कराया जाएगा। टीकाकरण को लेकर सारी तैयारियां मंगलवार को ही पूरी कर ली गई थी। हर टीकाकरण केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन पहुंचा दी गई थी। वहीं सभी टीमों को समय से केंद्रों पर पहुंचने के लिए अलर्ट कर दिया गया है।
वैक्सीन की सुरक्षा को मिले 6 और आईएलआर
आजमगढ़। वैक्सीन को सुरक्षित करने के लिए उन्हें निश्चित तापमान पर रखना होता है। कारोना का टीका आने के बाद अन्य टीकाकरण के वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य महकमे को और आईएलआर व डीप फ्रीजर की जरूत थी। जिसकी डिमांड स्वास्थ्य महकमे ने शासन से किया था। जिला प्रतिक्षरण अधिकारी डॉ. संजय ने बताया कि पूर्व में हुई डिमांड के क्रम में शासन ने जिले को 20 डीप फ्रीजर के साथ ही छह नए आईएलआर उपलब्ध कराए है। इनके आ जाने से ब्लाकों पर कोल्ड चेन को और मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इन फ्रीजरों में आठ घंटे बिजली न रहने पर भी तापमान दो से आठ डिग्री के बीच मेंटेन रखा जा सकता है। इन फ्रीजरों का प्रयोग मुख्य रूप से डीपीटी, बीसीजी, पोलियो, हेपेटाइटिस बी आदि के टीके को सुरक्षित रखने में किया जाएगा।