34.375 किमी की सड़कों की मरम्मत के लिए 5.28 करोड़ रुपये मंजूर
आजमगढ़। लंबे समय से जर्जर हो चुकीं प्रांतीय खंड की 28 ग्रामीण सड़कों के दिन अब बहुरने वाले हैं। प्रदेश सरकार ने 34.375 किमी की इन सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 5.28 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। शासन की ओर से इन सड़कों के सुधार के लिए निर्धारित बजट की प्रथम किस्त के रूप में 50 प्रतिशत धनराशि भी जारी कर दी गई है।
गड्ढों, टूटी पटरियों और उखड़ी हुई सतह के कारण आए दिन लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। खासकर बरसात के मौसम में इन मार्गों पर चलना बेहद कठिन हो जाता था। ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायतें और जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद आखिरकार शासन ने इन सड़कों की सुध लेने का निर्णय लिया है। मरम्मत कार्य के तहत गड्ढामुक्तिकरण, नई सतह बिछाने, मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। प्रथम चरण में प्राप्त धनराशि से कार्य शुरू कर जल्द से जल्द इन सड़कों को यातायात योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिले में 28 ग्रामीण सड़कों को विशेष मरम्मत कराए जाने की शासन की तरफ से स्वीकृति मिल गई है। टेंडर आदि अन्य औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -विशाल पांडेय, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड।