बरदह थाने की पुलिस ने ट्रक का नंबर प्लेट बदलकर गेहूं बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट के नाम पर ट्रक का नंबर बदलकर 253 क्विंटल चावल बेच देने के मामले में पुलिस ने अंतरजनपदीय आरोपी रामाकांत यादव को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक और 15 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बेचे गए चावल की कीमत लगभग 7.8 लाख रुपये बताई गई है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि 29 जनवरी को पीड़ित नंदलाल गुप्ता ने थाना बरदह में सूचना दी कि उनकी फर्म से 29 नवंबर 2025 को ट्रक संख्या यूपी 65 एफटी-1322 से 253 क्विंटल चावल दुर्ग (छत्तीसगढ़) भेजा गया था, लेकिन माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इस संबंध में थाना बरदह पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। जांच के दौरान 30 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने सूचना पर ग्राम पारा गेट के पास ट्रक को रोककर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान रामाकांत यादव उर्फ मेघू यादव निवासी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए और घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने ट्रक का असली नंबर बदलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और 253 क्विंटल चावल रास्ते में एक दलाल को लगभग साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। इन रुपयों से ट्रक की मरम्मत कराई, किस्त चुकाई और अन्य खर्च पूरे किए।