वित्तीय वर्ष 2023-24 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत कुल 250 गरीब बेटियों की शादी का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए एक करोड़ 27 लाख रुपये के बजट की शासन से स्वीकृति मिल गई है। तिथि निर्धारित होने पर शादी का कार्यक्रम शुरू करा दिया जाएगा। हालांकि अभी नगर पालिका, नगर पंचायत व ब्लाकों को लक्ष्य दिया गया है।
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। इसमें 35 हजार रुपये बेटी के खाते में और 10 हजार रुपये बेटी को उपहार सामग्री तथा छह हजार रुपये वर व वधू पक्ष के लोगों के खाने पीने आदि में खर्च करने की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत हर वर्ष सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में गरीब बेटियों की शादी कराई जाती है।
वर्ष 2023-24 में सरकार ने समाज कल्याण विभाग को कुल 250 बेटियों की शादी का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पर कुल एक करोड़ 27 लाख की धनराशि खर्च होगी। विभागीय अधिकारी के अनुसार विवाह का तारीख निर्धारित होने पर शादी कार्यक्रम शुरू करा दिया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल ने बताया कि नगर पालिका व नगर पंचायतों को 30-30 व ब्लाकों को 10-10 जोड़ों का लक्ष्य दिया गया है।