देवगांव कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में बृहस्पतिवार को दिन में 25 हजार के इनामी को घायल कर गिरफ्तार किया उसके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक व मोबाइल बरामद हुआ। तीन दिन पूर्व पैथालॉजी में हुई साढ़े सात लाख की चोरी की वारदात में भी वह शामिल था। पुलिस कई मामलों में उसे तलाश कर रही थी।
पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पैथालॉजी में हुई चोरी की घटना में शामिल एक अपराधी चोरी की एक मशीन लेकर बेचने मेहनाजपुर जा रहा है। वह चेवार पूरब होते हुए निहोरगंज पहुंचने वाला है। चेवार चड़िया पुलिया पर पुलिस ने घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद सामने से आ रहे बाइक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह उमरी गांव की तरफ भागने लगा। इसी दौरान बाइक फिसल गई। पुलिस से घिर जाने पर उसने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की ता गोली बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने दबोच लिया।
उसकी पहचान सुनील पुत्र राजेन्द्र निवासी लेबरूआ थाना चंदवक जिला जौनपुर के रुप में की गई। उसके पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चोरी की डेढ़ लाख रुपये मूल्य की बायोकेमिकल मशीन, बाइक व मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।