लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन हाजीपुर गोला पुल के पास सरयू नदी में डूबे युवक का शव सोमवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ व पीएसी के जवानों ने घटना स्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर नदी में उतराया शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पीहार के नौतप्पी निवासी सरवन यादव (28) रविवार को अपने पांच दोस्तों सचिन, कमलेश, रामभजन, परवेश और धनंजय के साथ चार पहिया वाहन से सरयू नदी में नहाने गया था। दोपहर में करीब 11 बजे सभी युवक नदी में नहा रहे थे, तभी चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर नाव चला रहे नाविक ने साहस दिखाते हुए तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सरवन यादव तेज धारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। नायब तहसीलदार सगड़ी विवेकानंद के निर्देश पर एसडीआरएफ और पीएसी की टीमों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई गई।
रविवार दोपहर से लगातार चल रहे खोज अभियान के बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे जवानों को घटना स्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर नदी में शव उतराया दिखाई दिया। इसके बाद टीम ने शव को बाहर निकाला। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। वह करीब एक माह पहले ही घर आया हुआ था। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।