आजमगढ़। नगर पंचायत बूढ़नपुर में हर घर को नल से जल पहुंचाने के लिए सरकार ने 24.13 करोड़ के पेयजल परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे क्षेत्र के 20 हजार की आबादी को लाभ होगा। जल निगम इस पर जल्द ही काम शुरू कराएगा। चिह्नित जमीन पर जल्द ही नलकूप लगाने और ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा
जिले की नवसृजित नगर पंचायतों में से बूढ़नपुर भी एक है। इसमें आसपास के शेरवा, कोयलसा, ईश्वरपुर पवनी, रानीपुर, रायपुर, भीलमपुर छपरा को शामिल कर नगर पंचायत बनाया गया है। बीते निकाय चुनाव में यहां अध्यक्ष और सभासद के चुनाव हुए। गांवों को नगर में तो शामिल कर लिया गया, लेकिन वहां के लोग आज भी शहरी सुविधाओं से वंचित हैं। तहसील मुख्यालय और ब्लॉक भी इसी के अंतर्गत आते हैं। सीसी रोड, इंटरलाॅकिंग, नाली, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत है। यहां के लोगों को नल से जल पहुंचाने के लिए जल निगम ने 24 करोड़ 13 लाख का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। शासन ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है।
00
76 किमी बिछेगी पाइप लाइन
नगर पंचायत में शामिल सभी वार्डों के घरों को नल से जल पहुंचाने के लिए 76 किमी पाइप लाइन बिछाई जाएगी और 3495 हाउस कनेक्शन दिए जाएंगे। तीन स्थानों पर विभिन्न क्षमता के तीन ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। सात नलकूपों की स्थापना होगी। इससे कस्बा की 20 हजार से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
00
नगर पंचायत बूढ़नपुर में 24.13 करोड़ से पेयजल परियोजना का काम कराया जाएगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। तीन ओएसटी का निर्माण और सात नलकूपों की स्थापना होगी। नगर पंचायत में 3495 हाउस कनेक्शन दिए जाएंगे।
- जियाउल हक, एक्सईएन जल निगम।