आजमगढ़। साथी और उप्र ग्रामीण पुर्ननिर्माण संस्थान के संयुक्त प्रयास से शुक्रवार को सीएमओ सभागार में विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें आजमगढ़, बलिया, देवरिया, कुशीनगर और गाजीपुर के स्वैच्छिक संगठनों के साथ परिवार नियोजन पर बेहतर काम करने वाले चैंपियनों द्वारा परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी, बच्चों के जन्म में अंतराल रखने के तरीकों और इसे सामाजिक मुद्दे के रूप में देखकर काम करने पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग से एमओआईसी, डाक्टर्स, एचईओ, डीपीएम ने जनपद में संचालित परिवार नियोजन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सारथी वाहन के ललित सिंह ने 20 जनपदों में परिवार नियोजन पर स्वैच्छिक संगठनों द्वारा किए गए प्रयासों और प्रमुख उपलब्धियों के बारे में साझा किया। उन्होंने बताया कि यह पहल मीडिया, तकनीकी विशेषज्ञ और प्रभावशाली/चर्चित लोगों के साथ मिलकर की जा रही है। समुदाय, ब्लाक और जिला स्तर पर परिवार नियोजन को लेकर सकारात्मक वातावरण निर्माण हुआ है। ग्रामीण पुर्ननिर्माण संस्थान के राजदेव चतुर्वेदी जी ने जनपद में परिवार नियोजन की स्थिति के बारे में चर्चा की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय ने परिवार नियोजन पर बेहतर कार्य करने वाले चैंपियन/स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और सभी से अपील किया कि इस काम को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास नियमित रूप से किए जाएं, जिससे कि बेहतर परिणाम लाया जा सके। इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार, अनूप राय, डा. वाईके राय, राजदेव आदि उपस्थित थे।