गोरिया बाजार। कस्बे में उखड़ी सड़क को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से परेशान नागरिकों ने अब नई पहल की है। सड़क निर्माण के लिए कस्बेवासियों की ओर से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। इसे ज्ञापन के माध्यम से कमिश्नर और मुख्यमंत्री को भेज सड़क निर्माण की मांग उठाई जाएगी।आजमगढ़ बिलरियागंज मार्ग की कस्बे में बदहाल हालत किसी से छुपी नहीं है। उखड़ी सड़क से उड़ने वाली धूल से लोग सांस और दिल के मरीज बन रहे हैं। कई बार अधिकारियों से मार्ग की हालत सुधारने की मांग उठाई गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाी नहीं हुई है। कस्बे में अधूरी पड़ी सड़क के निर्माण के लिए कस्बेवासियों की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अफजल खान के नेतृत्व में नगर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। दुश्वारियों से आजिज लोग मंडलायुक्त और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप कर इस ज्वलंत समस्या से निजात दिलाने की मांग करेंगे। हस्ताक्षर अभियान में मुख्य रूप से अशहद गुड्डू, शम्श परवेज, अरविन्द कुमार गुप्ता, जावेद खान, अमित गुप्ता,पंकज दूबे, अबुसालेह सदरेआलम, एयाज अहमद आदि शामिल हैं।