बिंद्रा बाजार। भीषण गलन व ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरमीडिएट स्तर के सभी विद्यालयों को 10 जनवरी तक के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है। इसके बाद भी कई प्राइवेट स्कूल खुले रहे। इन स्कूलों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई न होने से इन स्कूल संचालकों के हौसले बुलंद है।
बिंद्रा बाजार क्षेत्र के अंबरपुर स्थित श्री रामजनकी बालिका इंटर कालेज व लालमत्ती चिल्ड्रेन स्कूल सोमवार को भी खुला रहा। स्कूलों के खुले रहने से बच्चों के साथ ही अभिभावक भी परेशान है। बालिका इंटर कालेज की कक्षा सात व नौ की छात्राओं ने बताया कि सिर्फ शनिवार को ही विद्यालय बंद था। अन्य दिनों में विद्यालय खुला हुआ था। डीएम के आदेश के बाद भी विद्यालय खुला होने की सूचना जब खंड शिक्षाधिकारी विश्वजीत कुमार को दी गई तो वे स्वयं विद्यालय पहुंचे और विद्यालय बंद कराने के साथ ही सिर्फ कार्रवाई की चेतावनी ही दी। उन्होंने बताया कि सभी एनपीआरसी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने न्याय पंचायत में चक्रमण कर जांच करें। कोई भी विद्यालय खुला पाया गया तो विद्यालय के साथ ही संबंधित एनपीआरसी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
छुट्टी में भी विद्यालयों के खुला होने की अब तक कोई सूचना नहीं है। यदि कोई विद्यालय डीएम के आदेश के बाद भी खुलता है तो जानकारी होते ही उसे बंद कराया जाएगा। छुट्टी के आदेश की अनदेखी होने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
-डॉ. वीके शर्मा, डीआईओएस, आजमगढ़।