आजमगढ़। शिकायत के आधार पर हुई जांच में वर्ष 2015-16 के दौरान हुई शिक्षकों की भर्ती में छह शिक्षक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करते पाए गए थे, जबकि 100 से ज्यादा चिह्नित हुए थे। आदेश के दो माह बाद एबीएसए ने महराजगंज थाने में शिक्षक रमेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रदेश में वर्ष 2015-16 में 15 हजार और 16448 शिक्षकों की हुई भर्ती में जिले में कई शिक्षकों की भर्ती हुई थी। इसमें भाजपा नेता सहजानंद राय की ओर से दो शिक्षकों की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने की शिकायत तत्कालीन कमिश्नर से की गई थी। जांच के दौरान छह शिक्षक फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी करते मिले थे, जबकि सौ से अधिक चिह्नित भी हुए थे। कमिश्नर के निर्देश पर प्रभारी जिलाधिकारी अभिषेक सिंह 11 अगस्त को आरोपी शिक्षक शिवमुनी यादव, यादव उषा, प्रभाकर मिश्रा, छोटेलाल और रमेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने आदेश दिए थे। एक शिक्षक रवि राय के खिलाफ बाद में कार्रवाई के आदेश हुए थे। आदेश के दो माह बाद एबीएसए महराजगंज राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को महराजगंज थाने में जौनपुर जिले के केराकत गांव निवासी रमेश यादव पुत्र मिट्ठू के खिलाफ फर्जी अंकपत्र देकर सहायक अध्यापक बनने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रमेश शिक्षा क्षेत्र महराजगंज के बासथान गांव स्थित प्राइमरी विद्यालय में तैनात है। एबीएस ने बताया कि फर्जीवाड़ा उजागर होने पर रमेश की तनख्वाह रोक दी गई है। दो दिन पहले बाद अजमतगढ़ ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय बलुवा में सहायक अध्यापक पद पर तैनात छोटेलाल पुत्र बलिकरन निवासी मादीदुल्लाह, थाना दोहरीघाट,जिला मऊ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब तक पांच शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।