तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर पहुंचे सीआरओ ने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के 21 अधिकारी अनुपस्थित मिले। सीआरओ ने चार अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। सीआरओ की इस कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
शनिवार को निजामाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। इस दौरान सीआरओ विनय कुमार गुप्ता तहसील पहुंचे और सर्वप्रथम उपस्थिति पंजिका मंगा कर देखा। इस दौरान विभिन्न विभागों के 21 अधिकारी अनुपस्थित मिले। इसे देख सीआरओ भड़क गए। उन्होंने एसडीएम निजामाबाद को अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी बीच कुछ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीआरओ ने देर से आने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। सीआरओ के अनुपस्थिति लगाने के बाद उन अधिकारियों ने रजिस्टर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सीआरओ ने समाधान दिवस पर अनुपस्थित एडीओ पंचायत मिर्जापुर, मोहम्मदपुर, रानी की सराय और शारदा सहायक खंड-23 के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।