थाना क्षेत्र के मेंहनगर-छतवारा मार्ग पर अहियाई बाजार के पास शनिवार की शाम चार बजे के करीब ट्रक ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर फंस गया, वहीं ड्राइवर को पुलिस हिरासत में लेकर थाने लाई है। उधर स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद सेउपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई।
शनिवार की शाम करीब चार बजे मेंहनगर-छतवारा मार्ग पर बाइक सवार युवक जा रहा था। इस बीच मेंहनगर की तरफ से आजमगढ़ जा रहे ट्रक ने अहियाई बाजार के समीप हथौड़ी लिंक मार्ग पर बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हल्की बूंदाबांदी के बीच ट्रक ड्राइवर वाहन लेकर वहां से भागने लगा। लेकिन ट्रक अनियंत्रित होकर बाएं पटरी पर जा फंसा।
इस बीच ग्रामीणों की सूचना मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अनुराग कुमार, उपनिरीक्षक आदिल खां ने 108 एंबुलेंस को बुलाकर युवक को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस युवक के पास से मिले दस्तावेजों आदि के माध्यम से शव के शिनाख्त में जुटी थी। समाचार लिखे जाने तक युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। उपनिरीक्षक आदिल खां ने बताया कि बाइक पंजीयन के सहारे बाइक स्वामी का पता चल गया है। बाइक मऊ जिलेे के घोसी थाना के मुस्कुरा कोइरियापुर गांव के रमेश राजभर पुत्र रामबली के नाम से पंजीकृत है।