आजमगढ़। डीआईओएस के नेतृत्व में बने उडनदस्ते ने शनिवार को सुबह की पाली में दो विद्यालयों पर निरीक्षण के दौरान दो कक्ष निरीक्षकों व दो परिचरों के पास से मोबाइल सेट बरामद किया। टीम ने चारों मोबाइल को जहां कब्जे में ले लिया तो वहीं परीक्षा ड्यूटी पर लगे दोनों कक्ष निरीक्षकों व दोनों परिचरों को कार्यमुक्त कर दिया गया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के बोर्ड परीक्षा में दुर्व्यवस्थाओं का क्रम शनिवार को आयोजित परीक्षा में भी देखने को मिला। कई केंद्रों पर सीसी टीवी व वॉयस रिकार्ड ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे थे तो वहीं कुछ केंद्रों पर अब तक स्टैटिक मजिस्ट्रेट नहीं पहुंचे मिले। फिलहाल किसी भी केंद्र पर खुल कर नकल होने की बात तो अब तक सामने नहीं आयी है, लेकिन गुपचुप तरीके से नकल की कवायद लगभग हर सेंटरों पर चल रही है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि केंद्र व्यवस्थापक से लेकर कक्ष निरीक्षक तक नियमों की अनदेखी कर रहा है। शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित का पेपर था। गणित के पेपर के चलते शिक्षा विभाग के उडन दस्ते भी सक्रिय थे। डीआईओएस के नेतृत्व वाले उडनदस्ते ने परमसंत जमुना इंटर कालेज जमुआ पर पहुंची तो वहां दो परिचर व एक कक्ष निरीक्षक के पास मोबाइल बरामद हुआ। वहीं दूसरे केंद्र स्व. अखिलेश सिंह स्मारक इंटर कालेज जमुआ पर भी एक कक्ष निरीक्षण के पास से टीम ने मोबाइल बरामद किया। चारों मोबाइलों को टीम ने जमा कर लिया और दोनों कक्ष निरीक्षकों व दोनों परिचरों को कार्यमुक्त कर दिया गया। डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने दोनों केंद्र व्यवस्थापकों को कड़ी चेतावनी भी दी और कहा कि आगे भी यदि किसी कक्ष निरीक्षक व कर्मी के पास मोबाइल मिलता है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल गणित में 14834 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को सुबह की पाली में गणित विषय की परीक्षा के चलते नकल माफियाओं की सक्रियता हर केंद्रों पर देखने को मिली। वहीं शिक्षा विभाग की टीम भी नकंल लगाने की कवायद में लगी रही। शासन प्रशासन की सख्ती के चलते शनिवार को गणित विषय के 14834 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के बोर्ड परीक्षा में शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित, प्रारंभिक गणित, इंटरमीडिएट के व्यापारिक संगठन, कृषि भौतिकी और कृषि जलवायु की परीक्षा थी। हाईस्कूल गणित में 82246 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 14787 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रारंभिक गणित में पंजीकृत 216 परीक्षार्थियों में 47 अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट के व्यापारिक संगठन में पंजीकृत 700 परीक्षार्थियों में 76, कृषि भौतिकी में पंजीकृत 536 परीक्षार्थियों में 78 व कृषि जलवायू में पंजीकृत 188 परीक्षार्थियो में 9 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में गणित जैसे कठिन विषय की परीक्षा थी। जिसके चलते नकल माफियाओं की सक्रियता हर केंद्रों पर देखने को मिली। कहीं सीसी टीवी व वायस रिकार्डर बंद कर कर नकल कराया गया तो कहीं सीसी टीवी की क्वालिटी को खराब कर साइलेंट नकल कराया गया। ऐसा नहीं था कि शिक्षा विभाग नकल पर लगाम को तत्पर नहीं था, इसके बाद भी नकल माफिया कई केंद्रों पर नकल कराने सफल भी हुए।