आजमगढ़। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए ईवीएम एवं वीवी पैट का विस्तृत प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम शुक्रवार को भी जारी रहा। नेहरू हाल के सभागार में प्रदेश स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने बताया कि ईवीएम में कोई भी छेड़छाड़ करने पर वह फैक्ट्री मोड (बंद हो जाएगी) पर चली जाएगी और दोबारा चालू नहीं होगी। इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने जिलास्तरीय अधिकारियों को ईवीएम के संचालन की बारीकियां बताई। वीवी पैट की विशेषताएं बताई। प्रत्याशी का क्रमांक, नाम और चुनाव चिह्न, वीवी पैट का क्रमांक, पोल सेशन नंबर आदि मतदाता को दिखाई देगा, जिससे वह संतुष्ट हो सकेगा। प्रशिक्षण के दौरान समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक बेसिक शिक्षाधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर थे।