आजमगढ़। परिषदीय विद्यालयों में 2010 के बाद नियुक्त हुए शिक्षकों की नए सिरे से जांच का शासन ने निर्देश दिया है। इसके तहत प्रत्येक जिले में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जिले में गठित कमेटी ने जांच की कवायद शुरू कर दी है। अब तक नियुक्ति प्राधिकारी बेसिक शिक्षाधिकारी से जांच कमेटी को 3228 शिक्षकों की पत्रावली प्राप्त हुई है। इसमें 2060 के रिकार्ड सत्यापन के लिए भेज दिए गए हैं। शुक्रवार को जांच समिति की बैठक भी हुई और अगली बैठक 26 दिसंबर को किए जाने का निर्णय हुआ। 2010 से अब तक जिले में 4490 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। शासन के निर्देश पर इन सभी शिक्षकों की नए सिरे से जांच कराई जा रही है। शासन स्तर से जिले में गठित जांच टीम में एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह के अलावा एडी बेसिक राजेश कुमार आर्य व एसपी सिटी कमलेश बहादुर सिंह शामिल है। जांच टीम की शुक्रवार को एडीएम प्रशासन के कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें जांच प्रक्रिया के कवायद और अब तक हुए कार्यों समीक्षा की गई। एडी बेसिक ने बताया कि 2010 से अब तक नियुक्ति पाए 4490 शिक्षकों के रिकार्ड बीएसए से मांगे गए हैं। अब तक 3228 शिक्षकों के रिकार्ड भेजे गए हैं। इसकी फीडिंग का काम पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही 2060 शिक्षकों के रिकार्डों को सत्यापन के लिए संबंधित विद्यालय, बोर्ड, विश्वविद्यालय और संस्था को भेज दिए गए हैं। बैठक में शेष 1262 शिक्षकों के पत्रावलियों को तत्काल उपलब्ध कराने का बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देश दिया गया। इसके साथ ही शासन द्वारा निर्धारित किए गए बिंदुओं के आधार पर जांच जल्द पूरी करने की योजना भी बनाई गई।
2015 में हुई है सर्वाधिक 2546 शिक्षकों की नियुक्ति
आजमगढ़। एडी बेसिक कार्यालय द्वारा तैयार किए गए डाटा सूची के अनुसार 2015 में सर्वाधिक 2546 शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। 2011, 2012 के स्वीकृत पदों की सूचना ही अब तक नहीं मिली है। 2013 में 216, 2014 में 128, 2016 में 985 और 2018 में 615 शिक्षकों की तैनाती की गई है।
शासन के निर्देश पर जांच कमेटी गठित हुई है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 2010 के बाद नियुक्ति 4490 शिक्षकों में जिसके रिकार्ड अब तक नहीं प्राप्त हुए हैं, उनके रिकार्ड मंगाए जा रहे हैं। जहां तक जांच पूर्ण होने की बात है तो यह बोर्ड, विश्वविद्यालय और संस्थाओं से सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने पर आधारित है। जितनी जल्दी सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध होगी, उतनी जल्दी जांच पूर्ण कर ली जाएगी। - राजेश कुमार आर्य, एडी बेसिक, मंडल आजमगढ़