आजमगढ़। घाघरा की कटान से विस्थापित हुए सगड़ी तहसील के नौबरार देवारा जदीद किता दोयम के विस्थापितों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंड पर भूख हड़ताल की। इस दौरान विस्थापितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आवासीय पट्टा दिलाने की मांग की। विस्थापितों ने जिलाधिकारी को बताया कि वह लोग 2007 में घाघरा द्वारा की गई कटान के विस्थापित हैं। पूर्व जिलाधिकारी द्वारा उन्हें एक जमीन पर बसाया गया था। उनके निर्देश पर एसडीएम सगड़ी ने 53.53 कड़ी भूमि सबको आवास के लिए आवंटित किया। लेकिन तत्कालीन ग्रामप्रधान और लेखपाल की मिलीभगत से उन लोगों को पट्टा नहीं मिल सका। हमें जमीन का पट्टा देने के लिए लेखपाल द्वारा पैसे की मांग की जा रही है। उनके द्वारा कहा जा रहा है कि एसडीएम का निर्देश है कि बिना पैसे लिए पट्टा न दिया जाए। इसकी जानकारी एसडीएम को भी दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो हम अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। विस्थापितों ने जिलाधिकारी से आवास के लिए भूमि का पट्टा दिलाने और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर सुग्रीव, रामदीन, खेदनी, शांति, इशरावती, मंती, रामबचन आदि उपस्थित थे।