आजमगढ़। जनपद में चल रही गेहूं खरीद के बनाए गए क्रय केंद्रों से गेहूं का उठान कर गोदामों तक पहुंचाने के लिए परिवहन ठेकेदारों को ठेका दिया गया है। लेकिन इनको जितने उठान का लक्ष्य दिया गया है। अब तक उसके सापेक्ष बहुत की कम गेहूं का उठान किया गया है। जिस पर बुधवार को डिप्टी आरएमओ द्वारा चार परिवहन ठेकेदारों को नोटिस जारी की गई है।
डिप्टी आरएमओ रआरपी पटेल ने बताया कि इनके द्वारा गेहूं का धीमा उठान करने के कारण कई क्रय केंद्रों पर गेहूं का स्टाक काफी जमा हो गया है। जिसके कारण कई केंद्रों पर खरीद बंद हो गई है। मेसर्स जय बजरंग ट्रांसपोर्ट ने उठान के लिए आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष आठ मई तक मात्र 24 प्रतिशत उठान किया है। इसी तरह से मेसर्स भीमसेन यादव ने 21 प्रतिशत, मेसर्स ऋषिमुनि यादव ने 21 प्रतिशत और मेसर्स श्रीबजरंग ट्रांसपोर्ट ने 28 प्रतिशत ही उठान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर 20 मई तक इनके द्वारा समस्त खाद्यान्न का उठान नहीं किया जाता है तो इनके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी। ब्यूरो