आजमगढ़। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिले में चयनित 118 ग्रामों में 23 से 27 अप्रैल तक सघन टीकाकारण अभियान चलेगा। इस अभियान की समीक्षा को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित ग्रामों के एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी को निर्देशित किया कि शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण के लिए हेड काउंट सर्वे प्रपत्र तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए सर्वे प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के अंदर भर कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि सभी ग्रामों के लिए नोडल अधिकारी नामित किये गये है। जिन्हें सीएमओ ग्रामवार कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नंबर के साथ चेक लिस्ट उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्री अभियान के एक दिन पूर्व गांव में मदर्स मीटिंग भी आयोजित कराये। बीएसए को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के दौरान सभी विद्यालय खुले रहे तथा अध्यापक और प्रधानाध्यापक ग्राम स्वराज अभियान के तहत संचालित योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दे। बैठक में सीएमओ डॉ. एसके तिवारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता, डॉ. वाईके राय, डब्लूएचओ के भवानी गुनटा, यूएनडीपी की पूनम शुक्ला, यूनीसेफ के एसएन सिंह समेत सभी संबंधित चिकित्साधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ और एमओआईसी मौजूद रहे।
इनसेट-
एलईडी वितरण मोबाइल वैन की गई रवाना
आजमगढ़। ग्राम स्वराज अभियान के तहत सोमवार को सिधारी हाईडिल परिसर से मुख्य अभियंता पंकज कुमार ने हरी झंडी दिखा कर एलईडी वितरण के लिए पांच मोबाइल वैन रवाना किया। उन्होंने बताया कि वैन पूरे जिले में चक्रमण कर विद्युत उपभोक्ताओं में एलईडी बल्ब का वितरण करेगी। वैन से 9 वाट की एलईडी बल्ब 50 रुपये प्रति पीस की दर से उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि जगह-जगह लगे काउंटर से इसी एलईडी बल्ब को 70 रुपये प्रति पीस की दर से दिया जा रहा है। अधिशासी अभियंता वितरण खंड प्रथम चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि एलईडी बल्ब का प्रयोग कर के उपभोक्ता अपने बिजली के बिलों में काफी कमी ला सकते है। इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार, खंड अधिकारी संदीप प्रजापति, विकास कुमार, विजय यादव, अवर अभियंता शत्रुघ्न यादव आदि मौजूद रहे।