लाटघाट। शारदा सहायक खंड 32 नहर के महुला माइनर से दो दिनों से रिसाव हो रहा है। जिसके चलते क्षेत्र की 20 बीघा गेहूं की बोई हुई फसल जल मग्न हो गई है। माइनर में रिसाव से जहां किसान परेशान है तो वहीं संबंधित विभाग मौन साधे हुए है।
क्षेत्र के सुरैना गांव से होकर शारदा सहायक खंड 32 नहर की महुला माइनर गुजरी हुई है। सुरैना गांव स्थित पुल के पास माइनर में दो दिनों से रिसाव हो रहा है। माइनर में रिसाव के चलते आसपास स्थित किसानों की बोई हुई गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। किसान मिठाई, मिश्री, गोरख, मुखलाल, सुलेमान, गोवर्धन आदि का कहना है कि माइनर से रिसाव शुरू होते ही नहर विभाग को सूचना दे दी गई, लेकिन अब तक विभाग की तरफ से रिसाव रोकने की कवायद न किए जाने से खेतों में पानी भरता चला जा रहा है। जिसके चलते खेत में बोई गेहूं की फसल खराब हो गई है। ग्रामीणों ने नहर विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। यदि जल्द ही विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया कि तो लगभग बीस बीघा खेत में बोई गेहूं की फसल चौपट हो जाएगी। माइनर से रिसाव की यह कोई नई घटना नहीं है, अक्सर ही माइनर से रिसाव होता है और क्षेत्र के किसानों की फसल चौपट हो जाती है। इसके पीछे कारण नहर व माइनर की सफाई न होना प्रमुख कारण है। इस बाबत पूछे जाने पर नहर विभाग के अवर अभियंता कमाल अख्तर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है, ठेकेदार को रिसाव रोकने का काम जल्द शुरू करने का निर्देश दे दिया गया है। शनिवार तक माइनर से हो रहे रिसाव को रोक दिया जाएगा।