आजमगढ़। प्रमुख सचिव उर्जा आलोक कुमार ने शुक्रवार को मंडलायुक्त कार्यालय सभागार में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से आयोजित राजस्व वृद्धि और विद्युत आपूर्ति सुधार विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुनकरों को सब्सिडी सिर्फ पावरलूम कनेक्शन पर दी गई हैं। इसे घरेलू उपयोग में नहीं लाया जा सकता है। अभियान चलाकर घरेलू और पावरलूम कनेक्शन 10 दिन में अलग करें। निर्धारित अवधि के बाद पावरलूम कनेक्शन पर घरेलू बिजली जलाई तो सख्त कार्रवाई होगी।
प्रमुख सचिव ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर ब्रेकडाउन अटेंड किया जाए। कामर्शियल कनेक्शन के बिल नियमित रूप से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराएं। वसूली भी शतप्रतिशत हो। अवैध कनेक्शनधारियों से वसूली कर कनेक्शन को नियमित करें और मीटर लगाएं। आजमगढ़ और मऊ में मीटर लगाने की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। राजस्व वृद्धि के लिए उपभोक्ता और बिलिंग बढ़ाने, सब स्टेशनों पर कलेक्शन सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता पर जा़ेर दिया। कमिश्नर के रविन्द्र नायक ने विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान चलाने को कहा। जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा। इससे पहले पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अतुल निगम, टेक्निकल डायरेक्टर एसके भारती, कमर्शियल डायरेक्टर मोहित आर्या, निदेशक पूविविनि एके कोहली आदि ने प्रमुख सचिव का स्वागत किया। इस मौके पर डीआईजी उदयशकर जायसवाल, सीडीओ अभिषेक सिंह, मुख्य अभियन्ता संतोष कुमार तिवारी, प्रदीप कक्कड़, डीके सिंह, एसएस प्रसाद और एके मिश्रा उपस्थित थे।