आजमगढ़। धरती को हरा भरा करने के लिए शासन की ओर से प्रतिवर्ष वन महोत्सव का आयोजन कर लाखों पौधों का रोपण किया जाता है। इस बार भी लाखों पौधे लगाए जाने है। इसके लिए शासन की ओर से 201 प्रजाति के औषधीय पौधों को लगाने का निर्णय लिया गया है।
इस बार वन महोत्सव में पौधरोपण के लिए जिला प्रशासन की ओर से 304 स्थलों को चिन्हित किया गया है। इसमें से पांच हेक्टेयर की उपजाऊ भूमि पर औषधीय पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। यहां पर पौधरोपण से पहले जमीन की कंटीले तारों से घेराबंदी की जाएगी और पौधरोपण के बाद देखभाल के लिए एक व्यक्ति की तैनाती की जाएगी। शासन द्वारा चयनित प्रजातियों में काला शीशम, पपीता, केला, चिलबिल, अमरूद, आम, इमली, चीकू आदि के पौधे शामिल है। डीएफओ अयोध्या प्रसाद ने बताया कि पौधरोपण के लिए 304 स्थान चयनित किए गए हैं। जिसमें शासन की मंशा के अनुरूप 201 प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वन महोत्सव एक जुलाई से सात जुलाई तक मनाया जाएगा।