पासीपुर गांव से होकर गुजरने वाली नहर की पुलिया जाम होने से क्षेत्र के किसानों की लगभग 20 बीघे फसल पानी में डूब गई है। शारदा सहायक खंड के अधिशासी अभियंता से शिकायत के बावजूद किसानों की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर गांव से होकर शारदा सहायक खंड-32 नहर गुजरती है।
नहर की सफाई का कार्य जेसीबी से कराया जा रहा है। जेसीबी से पुलिया के नीचे की मिट्टी नहीं निकाली गई। सफाई के दौरान काफी मात्रा में जमा मिट्टी के चलते पुलिया जाम हो गई है। इस नाते नहर का पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों में भर गया। ऐसे में धान की फसल उसमें डूबकर पूरी तरह से गल गई। इससे क्षेत्र के पासीपुर और रसूलपुर गांव के किसानों की लगभग 20 बीघे फसल बर्बाद हुई है।
गांव के मानबहादुर, जंगबहादुर, रंगबहादुर, विजेंद्र कुमार, सतीश कुमार, बृजेश, सुरेश, हरिगेन, गोबरी, पिंटू राम, अनिल सिंह, अशोक आदि का कहना है कि हम लोगों ने इसकी जानकारी विभाग के अधिशासी अभियंता को दे दी है।