आजमगढ़। यदि किसी मतदेय स्थल पर वीवीपैट खराब होती है तो सिर्फ उसे ही बदला जाएगा। वहीं, यदि ईवीएम की सीयू या बीयू खराब होती है तो सीयू, बीयू और वीवीपैट तीनों मशीनें बदली जाएंगी। मतदान में पारदर्शिता को लेकर आयोग की ओर से ये व्यवस्था की गई है।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान की निष्पक्षता को लेकर कई कदम उठाए गए हैं। ईवीएम पर लगातार उठ रहे विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर वीवीपैट की व्यवस्था की गई है। वीवीपैट से 50 माकपोल की पर्ची निकाली जाएगी। इसके बाद सामान्यत: कोई पर्ची नहीं निकाली जाएगी। मतगणना में भी रैंडम एक वीवीपैट से पर्ची निकाल उसकी गिनती की जाएगी। यदि किसी मतदेय स्थल पर वीवीपैट खराब होता है तो सिर्फ वीवीपैट में ही बदलाव किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी डीएस उपाध्याय ने बताया कि वहीं किसी मतदेय स्थल पर ईवीएम की कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट खराब होती है तो तीनों मशीनों में बदलाव किया जाएगा।