आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। वैसे तो सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा 15 फरवरी से ही शुरू है लेकिन अब तक वैकल्पिक विषयों की ही परीक्षा हो रही थी। जिसमें परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम होती थी। शनिवार से रेग्युलर विषयों की परीक्षा शुरू हुई। सीबीएसई बोर्ड में शनिवार को हाईस्कूल इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी का पेपर था। जिसमें पंजीकृत कुल 1403 परीक्षार्थियों में 13 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट में अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। जिसमें पंजीकृत 2994 परीक्षार्थियों में 102 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। रेग्युलर विषयो की परीक्षा शुरू होने से सीबीएसई बोर्ड के लिए निर्धारित किए गए सभी आठ सेंटरों पर शनिवार को गहमा-गहमी की स्थिति देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों में सेंट जेवियर्स एलवल, सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरवंशपुर, कैंब्रीज स्कूल फूलपुर, केंद्रीय विद्यालय हीरापट्टी, चिल्ड्रेन स्कूल, सीपीएस जाफरपुर, नवोदय विद्यालय व ईशान पब्लिक स्कूल शामिल है। सीबीएसई परीक्षा के लिए जिला कोआर्डिनेटर निलेश श्रीवास्तव ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न करायी गई। किसी भी केंद्र से अनुचित साधनों के प्रयोग की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि एक उडनदस्ता भी गठित है। जो उनके नेतृत्व में ही बना है। इस दस्ते में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, क्रासबेली व चिल्ड्रेन स्कूल के प्रधानाचार्यो को भी शामिल किया गया है।
यूपी बोर्ड परीक्षा हुई संपन्न
आजमगढ़। 7 फरवरी से शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा का शनिवार को समापन हो गया। हाईस्कूल की परीक्षा तो 28 फरवरी को ही संपन्न हो गई थी। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा शनिवार को संपन्न हुई। शनिवार को शाम की पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। इस परीक्षा में नकल माफिया पूरी तरह से सक्रिय रहे। हर केंद्रों पर साइलेंट नकल करायी गई। वहीं अंतिम दिन की परीक्षा होने के चलते शिक्षा विभाग के उडनदस्ते भी सक्रिय नजर नहीं आये। किसी भी परीक्षा केंद्र से नकलची पकड़े जाने की विभाग को सूचना नहीं है। वहीं परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों का आंकड़ा भी विभाग देर शाम तक नहीं उपलब्ध करा सका था।