सठियां। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन एवं जनपद के नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने सोमवार देर शाम सठियांव ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कस्बा सराय में चौपाल लगाकर शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। विद्युत, शौचालय, ड्रेस वितरण, मनरेगा, स्वास्थ्य विभाग की संचालित योजनाओं की जानकारी ली गई। प्रमुख सचिव को ग्रामीणों ने बताया कि 40 हैंडपम्प हैं। गांव में 169 परिवार हैं जिसके पास मकान नहीं है। शौचालय के साथ पानी की क्या व्यवस्था है, इसकी भी जानकारी ग्रामीणों से प्राप्त की। ग्राम प्रधान ने बताया कि 28 लोग ऐसे हैं, जिनके पास शौचालय नहीं है। प्रधान को निर्देश दिए कि रिपोर्ट मुख्यालय उपलब्ध कराएं। मनरेगा के अन्तर्गत जॉब कार्ड और कार्य की जानकारी प्राप्त की। महिलाओं को एनेमिया से बचने की सलाह दी। बताया गया कि परिवार रजिस्टर बनाने में 27 हजार खर्च किया गया है। इस पर उन्होंने मुख्य कोषाधिकारी और डीआईओ एनआईसी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। बिजली कनेक्शन देने में धन उगाही शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम शिवाकान्त द्विवेदी, सीडीओ अनिल कुमार उपाध्याय, पीडी दुर्गादत्त शुक्ल, डीडीओ रवि शंकर राय, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, डीसी एनआरएलएम वीके मोहन, जिला पूर्ति अधिकारी देवमणी मिश्र, बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, उप निदेशक कृषि डॉ. आरके मौर्य, जिला कृषि अधिकारी, डीएमओ, बीडीओ आदि थे।