फरिहां। रेलवे का साफ्टवेयर हैक कर फर्जी तरीके से आरक्षण केंद्र चलाने का काम निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में भी जोरों पर चल रहा था। मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर गुरुवार की शाम आरपीएफ की टीम ने दुकान पर छापेमारी कर 40 हजार रुपये नगद, दो लैपटाप, डायरी आदि के साथ दुकानदार को गिरफ्तार कर ली। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप मचा हुआ है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक मिर्जा राशिद बेग के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मो. शाकिर निजामाबाद थाना क्षेत्र के रोआं गांव का निवासी है। वह फरिहां बाजार में रोलेक्स ट्रवेल्स एवं जनसेवा केंद्र चला रहा था। यहीं से वह रेलवे का साफ्टवेयर हैक करके फर्जी तरीके से टिकट बनाने का काम करता था। गुरुवार की शाम मुखबिक के जरिए सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम ने छापेमारी कर मो. शाकिर को गिरफ्तार कर ली। तलाशी के दौरान दुकान से 40 हजार रुपये नगद, दो लैपटाप, रजिस्टर आदि बरामद हुआ। आरपीएफ की टीम शाकिर से हुई पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।