आजमगढ़। भारत रक्षा दल के कोरकमेटी के सदस्य डा.राजीव पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार को सिविल लाइन चर्च चौराहा स्थित स्वामी विवेका नंद की मूर्ति के पास उनकी 116वीं पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान स्वामी जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। भारद के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद अफजल ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी को स्वामी जी के विचारों और कर्मों से प्रेरणा लेनी चाहिए। वह इतने विद्वान थे कि 1893 में अमेरिका स्थित शिकागों में हुए विश्व धर्म सम्मेलन में शामिल होकर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। डा. राजीव पांडेय ने कहा कि भारत की आध्यात्मिकता स्वामी जी के कारण अमेरिका और यूरोप के देशों में पहुंचा। उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की जो आज भी सक्रिय है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे डा. निशीथ रंजन तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 39 वर्ष के अपने संक्षिप्त जीवन में जो कार्य किया वह सदियों तक लोगों का मार्गदर्शन करती रहेगी। इस दौरान राजकिशोर सिंह के सहयोग से उनकी प्रतिमा स्थल पर पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष मनीष कृष्ण साहिल, केशव प्रसाद, धर्मवीर विश्वकर्मा, धनंजय अस्थाना, राजन अस्थाना सहित भारद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।