आजमगढ़। भगवान शिव और माता पार्वती का विवाहोत्सव महाशिवरात्रि की तैयारियां जनपद के सभी शिवालयों में जोर-शोर से जारी है। बाबा भंवरनाथ मंदिर के साथ ही अन्य शिवालयों में रंग-रोगन और धुलाई-पुताई काम चल रहा है। भंवरनाथ मंदिर में 14 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी।
मंदिर के व्यवस्थापक विपिन सिंह डब्बू ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है। कहीं 13 तो कहीं 14 फरवरी को मनाने की बात कही जा रही है। भंवरनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि 14 फरवरी को ही मनाई जाएगी। मंदिर को दुल्हन की तरह सजाने का कार्य तेजी से चल रहा है। रंग-रोगन का कार्य रविवार तक पूरा कर लिया जाएगा। प्रांगण को विद्युत झालरों और फूल-माला से सजाने का काम भी शुरू हो चुका है। ये 12 फरवरी तक हो जाएगा। 14 फरवरी को भोर में मंगल आरती के बाद जलाभिषेक और दर्शनों के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। मंदिर में सुबह आठ बजे से भक्ति गीतों का कार्यक्रम राजेश रंजन और साथी कलाकारों द्वारा पेश किया जाएगा। झांकी कलाकारों द्वारा भगवान शिव-पार्वती की सुन्दर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। शाम सात बजे शृंगार मंडली द्वारा बाबा भंवरनाथ मंदिर का भव्य शृंगार किया जाएगा। शयन आरती और प्रसाद वितरण के उपरान्त मंदिर के कपाट बंद होंगे। शृंगार कार्यक्रम के बीच जलाभिषेक बंद रहेगा।
बारातियों संग नाचेंगे भंडारी
आजमगढ़। गौरीशंकर घाट के महंत रामशंकर गिरी राम बाबा ने बताया कि मंदिर से निकलने वाली शिव बारात की तैयारी भी अंतिम चरणों में है। शिवजी की बारात दो बजे गौरीशंकर देव महादेव मंदिर से चलकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए भंवरनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान का विवाह संपन्न होगा। मंदिर में व्यवस्थापक द्वारा एक सुंदर मंडप भी तैयार किया जा रहा है। बारात आकर्षण का केंद्र रहेगी। अठवरिया मैदान स्थित शिवमंदिर पर भी शिवरात्रि का कार्यक्रम 14 फरवरी को ही संपन्न होगा। इसकी जानकारी राधामोहन ने दी। उन्होंने आगे बताया कि यहां पर शाम को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है।
काली चौरा मंदिर में शिवलिंग की स्थापना
अंबारी। फूलपुर तहसील के माहुल नगर पंचायत के प्रसिद्ध काली चौरा मंदिर परिसर में दैवज्ञ दुर्वासा मंडल मुन्ना बाबा की गरिमामयी उपस्थिति में शुक्रवार को शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
काली जी मंदिर में पहले से स्थापित शिवलिंग को अराजक तत्वों द्वारा 14 दिसंबर 2017 को खंडित कर दिया गया था। जिससे कस्बे में पुलिस की सक्रियता के कारण तनाव होते होते बचा था तभी से यहां पर मंदिर बंद था। गुरुवार को मंदिर परिसर में दूसरे शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा मंदिर के संरक्षक पंडित हरदेव पांडेय द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के बाद के बाद की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों लोगों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान लोगों द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस मौके पर आसू जायसवाल, राजेश्वर पांडेय, देव नारायण पांडेय, अखिलेश पांडेय, डा. घनश्याम पांडेय, वसंत लाल सेठ आदि उपस्थित थे।