आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने अपराध नियंत्रण में अक्षम कोतवाल जीयनपुर मंजय सिंह को गुरुवार की देर रात लाइन हाजिर करते हुए उन्हें अपना पीआरओ नियुक्त कर लिया। जबकि पुलिस लाइन में प्रतिक्षारत निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान को जीयनपुर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच में तैनात निरीक्षक संतलाल यादव को क्राइम ब्रांच का प्रभारी बना दिया। जबकि प्रेम कुमार यादव को प्रभारी क्राइम ब्रांच से डीसीआरबी का प्रभारी बना दिया।
इसी क्रम में निरीक्षक भानुप्रताप सिंह को पुलिस लाइन से क्राइम ब्रांच भेज दिया। इसी प्रकार उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार वर्मा को पीआरओ पद से हटाकर उन्हें चुनाव सेल का प्रभारी बना दिया। जबकि पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक संतोष सिंह को गंभीरपुर थाने पर तैनात कर दिया। इसी तरह से शहर के सिविल लाइन चौकी प्रभारी हरेंद्र यादव को हटाकर मेंहनगर थाने और मेंहनगर थाने पर तैनात दरोगा शैलेष कुमार सिंह सिविल लाइन चौकी का प्रभारी बना दिया। इसी प्रकार शहर कोतवाली में तैनात दरोगा बृजेश सिंह को शहर के एलवल पुलिस चौकी का प्रभारी बना दिया। एसपी के इस कार्रवाई से मातहतों में हड़कंप मचा हुआ है।