आजमगढ़। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर करवा चौथ की तैयारियों की वजह से सुहागिनों की भीड़ से बाजार गुलजार रहे। दोपहर के बाद से ही बाजार में शुरू हुई भीड़ देर शाम तक चलती रीह। सजने-संवरने के लिए चूड़ी, सिंदूर, नेल पालिश और फैंसी बिंदी की जमकर खरीदारी की। साड़ी की दूकानों पर भी रौनक दिखी। ब्यूटी पार्लरों में भी भीड़ रही। एडवांस बुकिंग भी कराई गई।
करवा चौथ प्यार का पर्व है। रविवार को सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए निराजल व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर उत्साहित सुहागिने शनिवार की सुबह से ही नगर में खरीदारी को निकल पड़ी थी। शाम ढलते-ढलते नगर के मुख्य चौक पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इधर बाजार में करवा चौथ पर साड़ी और कास्मेटिक की दूकानों पर खरीदारी को महिलाओं की भीड़ रही। महंगाई के बावजूद खरीदारी में कहीं कमी देखने को नहीं मिली। महिलाओं ने शृंगार के सामानों के साथ ही पूजन सामग्री की खरीदारी की। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सामानों के दामों में वृद्धि देखने को मिली। बावजूद इसके महिलाओं के उत्साह में कहीं कोई कमी देखने को नहीं मिली। फलों की कीमतें सामान्य रहीं।