आजमगढ़। कमिश्नर जगत राज ने गुरुवार को मनरेगा की प्रगति की समीक्षा की जिसमें आजमगढ़ में लक्ष्य के सापेक्ष 90 प्रतिशत और मऊ में 79 प्रतिशत मानव दिवस का सृजन पाया गया। मानव दिवस सृजन का राज्य औसत 98 प्रतिशत है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सुधार लाने का निर्देश दिया है। विलंबित भुगतान की स्थिति आजमगढ़ में 16.95 प्रतिशत एवं बलिया में 21.33 प्रतिशत है। विलंबित भुगतान में राज्य औसत 10.60 प्रतिशत है। मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवस में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम होने के कारण आजमगढ़ की रैंकिंग 48 और मऊ की 67 है। इसी प्रकार विलंबित भुगतान में आजमगढ़ की रैंकिंग 64 और बलिया की 71वीं है, जो काफी खराब है। उन्होंने तीनों जनपदों के डीएम को वर्तमान वित्तीय वर्ष तक के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 20 मार्च तक अनिवार्य रूप से शत प्रतिशत मानव दिवस सृृजन किए जाने को कहा। इसमें जिस स्तर पर लापरवाही की जा रही है उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।