आजमगढ़। जिले को स्थायी सीएमओ मिल गया है। शासन ने इस पद पर डॉ. एके मिश्रा की तैनाती कर दी है। शनिवार को डॉ. मिश्रा पदभार ग्रहण करेंगे। एक माह से प्रभारी सीएमओ के भरोसे स्वास्थ्य महकमा संचालित हो रहा था।
दरअसल एक महीने पूर्व सीएमओ रहे डॉ. रविंद्र कुमार पर गाज गिरी थी और उन्हें जिले से हटा कर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था। शासन के निर्देश पर ही एडी हेल्थ ने वरिष्ठता सूची के आधार पर डॉ. वीके अग्रवाल को सीएमओ का प्रभार सौंपा था। बीते एक महीने से जिले का स्वास्थ्य महकमा प्रभारी सीएमओ के भरोसे चल रहा था। शुक्रवार को शासन ने डॉ. एके मिश्रा को ही प्रमोशन देते हुए सीएमओ के पद पर तैनात करने का आदेश जारी कर दिया। डॉ. एके मिश्रा वर्तमान में 100 बेड के अस्पताल अतरौलिया में बतौर सीएमएस तैनात हैं।