आजमगढ़। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के खिलाफ लोगों का गुस्सा चौथे दिन फूटा। पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की गई। उनके पुतले फूंके गए। वहीं शहीदों के प्रति लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडिल मार्च निकालकर शहीदों को नमन किया गया।
जहानागंज प्रतिनिधि के अनुसार टैक्सी स्टैंड और सुंभी बाजार में शनिवार को गांधी गिरी टीम के संयोजक विवेक पांडेय और सौरभ गुप्ता के नेतृत्व में कैंडिल मार्च निकाला गया। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही लोगों ने पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला फूंका। बिंद्राबाजार प्रतिनिधि के अनुसार अंबिका सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने कैंडिल मार्च निकाला और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की।
पल्हना के पवनी कला और जयनगर में लालमनी यादव की अगुवाई में कैंडिल मार्च निकाला गया। लोगों ने पाक प्रधानमंत्री इमरान खान और आतंकी सरगना अजहर मसूद के पुतला फूंका। फूलपुर में शहीद सैनिकों को कैंडिल मार्च निकाल कर श्रद्धांजलि दी गई। लोगों ने सरकार से आतंकवाद और आकाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कप्तानगंज के लहरपार और पासीपुर गांव के लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं हियुवा मंदुरी की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई, पाकिस्तान के ध्वज को फूंका। पवई में लोगों ने इमरान खान, मसूद अजहर और हाफिज सईद के पुतलों को जूतों की माला पहनाकर मारते पीटते हुए पूरे बाजार का भ्रमण किया। इसके बाद रामलीला मैदान में उनका दहन किया।
लाटघाट में पुलवामा घटना से आक्रोशित युवाओं ने लाटघाट बाजार में कैंडिल मार्च निकाला गया। चौक पर आतंकवाद और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। रौनापार, चांदपट्टी बाजार में भी युवाओं ने जुलूस के साथ पुतला दहन किया। सगड़ी में श्री गांधी पीजी कालेज मालटारी में छात्र-छात्राओं ने डॉ. प्रदीप राय के नेतृत्व में जवानों के लिए रैली निकाली गई। सठियांव में सपा मुबारकपुर के कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में शहीदों की स्मृति में कैंडिल मार्च निकाला। पूरा कस्बा पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे से गूंज उठा। गोरिया बाजार में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में बिलरियागंज बाजार में आतंकवाद का पुतला फूंका गया।
निजामाबाद में नगर पंचायत स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास पाकिस्तानी पीएम का पुतला फूंका गया। व्यापार मंडल निजामाबाद ने आतंकवाद का पुतला फूंका गया। सामाजिक संगठनों और मुबारकपुर के नौजवानों ने आतंकी घटना को लेकर कैंडिल मार्च निकाला। रोडवेज पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। वहीं राज आक्सफोर्ड सेंट्रल स्कूल, एसएस कांवेंट स्कूल, एसके पब्लिक स्कूल और प्रतीक एकेदमी के तत्वावधान में भी कैंडिल मार्च निकाला गया। इसी क्रम में नगर के मोहल्ला सीताराम स्थित मदरसा जामिया इमाम मेंहदी और जामिया हजरत जैनब के संयुक्त तत्वावधान में कैंडिल मार्च निकाला गया। मौलाना मोहम्मद मेंहदी की अगुवाई में निकले इस कैंडिल मार्च में शामिल लोग हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियों के जरिए शहीदों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त किए।
----
फोटो
काली पट्टी बांध जताया विरोध, निकाला शांति मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
आजमगढ़। पुलवामा की घटना ने बच्चे, बूढ़े और जवान सभी के मन को आक्रोश से भर दिया है। स्कूली बच्चों ने भी इस घटना के प्रति अपनी संजीदगी जताई। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी पांडेय बाजार स्थित प्रतिभा क्लासेज में संस्थान के बच्चों और शिक्षकों ने शांति मार्च निकाला जो मुख्य मार्गों से होता हुआ मेहता पार्क पहुंचा। इस घटना में शहीद हुए जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। संस्था प्रमुख विकास वर्मा, सुनील अग्रवाल, पुनीत मौर्य, राहुल राय आदि उपस्थित थे। बिंद्राबाजार में ग्लोबल कांवेंट स्कूल आमौडा गोसाई की बाजार में शहीद सैनिकों की याद में स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर मार्च निकाला। छात्रों ने कहा कि हमें सरकार से आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई चाहिए। इस घटना में जिन जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हम उन्हें नमन करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि इस बार ऐसी कार्रवाई हो कि वह दोबारा ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचें। इस मौके पर प्रबंधक संजय राय, प्रधानाचार्य मनोज राय, हेमलता, पूनम, सतीश, प्रियंका, उमा, बंदना, इंदु, बिंदु, अशोक आदि उपस्थित थे।