आजमगढ़। उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जनपद शाखा की ओर से बुधवार को विकास भवन परिसर में धरना दिया गया। जिसमें उनके द्वारा पेरोल व्यवस्था को समाप्त करने और पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर 21 दिसंबर को विधानसभा के समक्ष भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी। जिलाध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि 1900 ग्रेड पे सभी विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मिल रहा है। लेकिन हम लोगों को 1900 ग्रेड पे नहीं मिल रहा है। जबकि इसके लिए लगातार धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को अवगत कराया गया। जिला महामंत्री नवीन कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि आज पूरे उप्र में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। धरने के माध्यम से हम जिलाधिकारी के जरिए अपनी मांगों को मख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। रामप्रताप ने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगों पर 20 दिसंबर तक निर्णय नहीं लेती है तो 21 दिसंबर को विधानसभा के समक्ष समस्त सफाई कर्मी भूख हड़ताल पर बैठेंगे। देवेश कुमार यादव ने कहा कि हमारी आठ मांगे हैं जिसमें सभी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह हमें 1900 ग्रेडपे दिया जाए। सफाई कर्मचारियों के धरने को कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के संयोजक गिरीश चतुर्वेदी, एडीओ पंचायत संघ अमरजीत सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ शांति शरण सिंह और उप्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष झिनकू यादव आदि ने समर्थन दिया। इस मौके पर लक्ष्मण प्रसाद, नंदलाल, अरुण कुमार, सुरेद्र प्रसाद, राजाराम, सुभाष, राकेश आदि उपस्थित थे।