आजमगढ़। ओम नम: शिवाय योग संस्थान राहुल सांकृत्यायन जन इंटर कालेज लछिरामपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को हीरापट्टी स्थित मुहल्ला प्रताप नगर में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैप्टन अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि हस्तशिल्प विभाग के सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर सुभाष सिंह की अध्यक्षता में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सुभाष सिंह और माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेश राय ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर और कैप्टन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। शैलेश राय ने कहा कि कैप्टन अर्जुन ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजी सरकार के आतंक, दमन और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में जब पहली बार सुभाष चंद्र बोस की सभा हुई थी तो उसकी अध्यक्षता करने का गौरव कैप्टन अर्जुन सिंह को प्राप्त हुआ था। अंग्रेजी सरकार के साथ हुए संघर्ष में वह कई बार जेल भी गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुबाष सिंह ने कहा कि कैप्टन अर्जुन जमीदार घराने में पैदा होते हुए भी सदैव गरीबों के उत्थान के बारे में सोचते थे। उन्होंने अपनी पांच सौ बीघा जमीन गरीबों में दान कर दिया था। इनके त्याग और बलिदान का यह असर रहा कि इनके घर में शिक्षक, डाक्टर, इंजीनियर और पीसीएस सभी लोग है। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद सिंह ने किया। इस अवसर पर लालजी सिंह, रघुनाथ पांडेय, अतुल सिंह, एसपी सिंह, रविंद्र कुमार पांडेय, मुनीब पटेल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।