आजमगढ़। श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास की ओर से 10 और 11 अक्तूबर को अग्रसेन महिला महाविद्यालय में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। इसके तहत न्यास की ओर से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 10 अक्तूबर की सुबह महराजा अग्रसेन की नगरपालिका चौराहे पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। सुबह 8.30 बजे बालक दास मंदिर गुरुघाट में हवन-पूजन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। नौ बजे अग्रसेन महिला महाविद्यालय में हवन पूजन और प्रसाद वितरण होगा। 10 बजे अग्रसेन कन्या इंटर कालेज और श्री अग्रसेन पुस्तकालय की ओर से हवन पूजन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 11 बजे अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार में हवन पूजन और प्रसाद का वितरण होगा। इसके बाद अपराह्न दो बजे से श्री अग्रसेन कन्या इंटर कालेज से सब्जी मंडी चौराहा, शंकर जी मूर्ति, चौक, पुरानी कोतवाली होते हुए शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो अग्रसेन महिला महाविद्यालय में पहुंचकर समाप्त होगी। दूसरे दिन 11 अक्तूबर को शाम पांच बजे से श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके मुख्य अतिथि अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता होंगे। यह जानकारी श्री अग्रसेन पुस्तकालय के प्रबंधक मनीष रत्न अग्रवाल ने दी है।