आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के वजीरमलपुर बाजार में स्थित यूबीआई की शाखा में बुधवार की शाम बैंक बंद होने के बाद शार्टसर्किट से आग लग गई। तेज धुआं और लपटें उठने पर बाजार वालों को जानकारी हुई तो शोर मचाया। घटना की जानकारी होने पर निजामाबाद थाने के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और बाजारवासियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। शाखा प्रबंधक ने बताया कि इस घटना में मामूली नुकसान हुआ है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा।
निजामाबाद सेंटरवा मार्ग पर स्थित वजीरमलपुर बाजार में यूनियन बैंक की शाखा स्थित है। शाम को बैंक बंद करके अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए। इस दौरान शार्ट सर्किट से भीतर आग लग गई। बैंक के भीतर से तेज धुआं और लपटें निकलने लगी। जिस समय यह घटना घटित हुई तभी निजामाबाद थाने पर तैनात सिपाही अमेरिका यादव और प्रभुनाथ यादव पहुंच गए। जो गश्त पर निकले थे। दोनों सिपाही बाजारवासियों की मदद से अथक प्रयास कर आग की इस घटना पर काबू पा लिया। उधर घटना की जानकारी होने पर शाखा प्रबंधक प्रवीण अग्रवाल भागकर मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन करने में जुट गए। प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। घटना का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा।